गढ़वा पुलिस ने अपराधी को गढ़वा थाना परिसर से बस स्टैंड घटना स्थल पर पैदल ले गया
रजनीश कुमार, गढ़वा
शहर के सोनपुरवा स्थित बस स्टैंड में सोमवार की रात हुई फायरिंग की घटना का गढ़वा पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहिद अली उर्फ पप्पू खान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। बुधवार को गढ़वा थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मेराल थाना क्षेत्र के पचफेड़ी गांव का रहने वाला है। उसके पास से एक देशी कट्टा, एक मोबाइल फोन, लोहे का खाली मैगजीन तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि शाहिद अली अपने साथियों के साथ मिलकर सोनपुरवा बस स्टैंड क्षेत्र में रंगदारी वसूलने और अपना वर्चस्व स्थापित करने के उद्देश्य से फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था। यह घटना 23 मार्च की रात करीब 11 बजे हुई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और ऊंचरी इलाके के एक मकान में छिपकर रह रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कांड में शामिल अन्य दो अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। एसपी ने यह भी बताया कि शाहिद अली का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ गढ़वा, मेराल, बंशीधर नगर और हसपुरा थाना क्षेत्रों में पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की भी गहराई से जांच कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई करते हुए नगवा मोहल्ला से दो अपराधियों को भी हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अजीत कुमार उर्फ छोटू और आदित्य कुमार शामिल हैं। इनके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, दो खाली खोखा और एक सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार इन दोनों आरोपियों के खिलाफ भी पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है, ताकि उनके नेटवर्क और अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों का खुलासा हो सके। इस पूरे अभियान में एसडीपीओ नीरज कुमार, थाना प्रभारी सुनील कुमार तिवारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे। जिनकी तत्परता से मामले का त्वरित खुलासा संभव हो सका।












Leave a Reply