रमकांडा में कड़ी सुरक्षा के बीच निकला रामनवमी जुलूस, तनाव के बाद हालात शांत करने में जुटा प्रशासन

सभी दुकानें थे बंद पुलिस कर रही थी निगरानी

रजनीश कुमार,
गढ़वा

झारखंड के गढ़वा जिले के रमकांडा प्रखंड में शुक्रवार को रामनवमी का जुलूस कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाला गया। डीजे की धुन पर रामभक्तों ने पूरे उत्साह के साथ जुलूस में भाग लिया। इस दौरान पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर भी शामिल हुए और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।

बीते दो दिनों से बिचला टोला में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के बीच चल रहे विवाद के बाद रामनवमी के दिन माहौल अपेक्षाकृत शांत दिखा। हालांकि, एहतियातन अधिकांश लोग अपने घरों में ही रहे, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जुलूस को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और पूरे इलाके की ड्रोन से निगरानी की गई। विवाद के बाद इलाके की स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। सड़कों पर ईंट-पत्थर बिखरे पड़े हैं और अधिकांश दुकानें बंद रहीं। पिछले 48 घंटे में एक छोटा सा विवाद बढ़कर बड़े घटनाक्रम में तब्दील हो गया, जिसके बाद प्रशासन ने मुस्लिम बहुल इलाकों में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी है।

स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोगों ने धार्मिक स्वतंत्रता में बाधा का आरोप लगाया, तो वहीं अन्य ने आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस बीच आरएसएस के जिला संयोजक ने कहा कि देश संविधान से चलता है और सभी को अपने धार्मिक आयोजन का अधिकार है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी और पूर्व मंत्री मिथलेश ठाकुर ने भी मौके का दौरा किया। विधायक ने इस घटना को सरकार की लापरवाही बताते हुए तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाया। वहीं मिथलेश ठाकुर ने कहा कि पर्व को राजनीति से दूर रखते हुए आपसी भाईचारे के साथ मनाना चाहिए।

प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसडीएम रूद्र प्रताप ने बताया कि पूर्व में हुई घटना के बाद विवाद की स्थिति बनी थी, लेकिन फिलहाल माहौल शांत है और जुलूस के शांतिपूर्ण आयोजन की तैयारी की जा रही है। वहीं एसडीपीओ रोहित रंजन सिंह ने कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात है और दोनों पक्षों से बातचीत कर जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!