शांति निवास हाफ़ई स्कूल का स्वर्ण जयंती समारोह संपन्न, सांस्कृतिक कार्यक्रम ने मन मोहा
50 वर्षों में विद्यालय ने आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर सहित कई प्रतिभाएं दीं : मिथिलेश ठाकुर
रजनीश कुमार, गढ़वा
शांति निवास हाई स्कूल, गढ़वा का स्वर्ण जयंती समारोह शनिवार को विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर आयोजित वार्षिक उत्सव सह सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि झारखंड के पूर्व मंत्री सह गढ़वा के पूर्व विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर, गढ़वा जिला पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष अलखनाथ पांडेय, प्रसिद्ध चिकित्सक सह पूर्ववर्ती छात्र डॉ. पंकज प्रभात तथा देवनारायण प्रजापति सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने नृत्य, समूह गीत, नाटक एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि वर्ष 1975 में स्थापित शांति निवास हाई स्कूल आज 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी कर चुका है, जो पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि हजारों विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम रहा है। यहां से शिक्षा प्राप्त कर कई छात्र आज आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर सहित विभिन्न उच्च पदों पर आसीन होकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों की निष्ठा, विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के विश्वास और समाज के सहयोग को दिया।
संत पॉल्स एकेडमी के मैनेजर फादर अगस्टिन ने विद्यालय की 50 वर्षों की यात्रा को संघर्ष, समर्पण और सफलता की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि मजबूत नेतृत्व, समर्पित शिक्षक और जागरूक विद्यार्थियों के बल पर ही कोई संस्थान उत्कृष्टता के शिखर तक पहुंचता है। प्रसिद्ध चिकित्सक एवं विद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. पंकज प्रभात ने अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए कहा कि इस विद्यालय ने उन्हें केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा और संस्कार भी दिए। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सिस्टर रोशमा चेरियन ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वर्ण जयंती समारोह विद्यालय के इतिहास का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्थान आगे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका गीता कुमारी एवं सुभाग भूमिजा के साथ छात्रा सानवीश्री पाठक, स्वाति कुमारी, सौम्या राज नंदिनी, रुनजुन कुमारी एवं चाहत कुमारी ने किया। मौके पर विद्यालय के सिस्टर लिंडा थॉमस, सिस्टर करुणा दारमान, सिस्टर ज्योति सेलेना, सिस्टर प्रियंका सोनी, सिस्टर प्रतिमा जेस, दिव्या गुलाब हेम्ब्रम, पुष्पा कच्छप, , इरमा कुजूर, सिकंदर खान, राम विनय तिवारी, ओम प्रकाश शर्मा, अलख कुमार पांडेय, रंजीत कुमार, प्रेम कुमार, दीपक कुमार उपाध्याय, प्रिंस पांडेय, अश्वनी कुमार दिवेदी, अरुण कुमार एवं आनंद लाकड़ा सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे।












Leave a Reply