रजनीश कुमार,गढ़वा
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा गढ़वा द्वारा रविवार को एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने, समाजसेवियों को सम्मानित करने तथा वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में कई महत्वपूर्ण गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त सह अध्यक्ष इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, गढ़वा द्वारा पुराने समाहरणालय परिसर स्थित नव आवंटित रेड क्रॉस कार्यालय के उद्घाटन के साथ हुई। उद्घाटन के बाद आयोजित सभा में बड़ी संख्या में रेड क्रॉस के पदाधिकारी, आजीवन सदस्य, समाजसेवी, रक्तदाता एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन नंद कुमार गुप्ता ने किया। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी के उद्देश्यों एवं जनहितकारी कार्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि संस्था रक्तदान, आपदा राहत, आपातकालीन सेवाओं, स्वास्थ्य जांच शिविरों तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लगातार लोगों की सेवा कर रही है। उन्होंने आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य एवं सामाजिक कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उपायुक्त द्वारा अमन गुप्ता, प्रदीप कुमार एवं आकृति अनु पटवा को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं अस्तित्व विश्वास, तुलसी कुमार, सीआरपीएफ, प्रियम सिंह, आदित्य प्रकाश एवं सोनू कुमार को भी रक्तदान सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मानित रक्तदाताओं ने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। रेड क्रॉस के अध्यक्ष डॉ. मुरली प्रसाद ने अपने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं समाजसेवियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों का जीवन बचा सकता है, इसलिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों एवं विभिन्न पेंशनर्स संगठनों के प्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। दूसरे चरण में उनके लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. रजत ने स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि डॉ. जे.पी. सिंह ने उपस्थित लोगों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए। इस अवसर पर उपायुक्त गढ़वा एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष, डॉ. मुरली प्रसाद, रेड क्रॉस सचिव डॉ. जे.पी. सिंह, कोषाध्यक्ष रामनारायण प्रसाद, पेट्रन सदस्य डॉ. यासीन अंसारी, नगर परिषद अध्यक्ष दौलत सोनी, विजय केशरी, नंदकुमार गुप्ता, राजमणि प्रसाद, मुकेश कुमार, उमेश कश्यप, विनोद गुप्ता सहित रेड क्रॉस सोसाइटी के अनेक पदाधिकारी, आजीवन सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन उमेश कश्यप द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी भविष्य में भी जनसेवा और मानव कल्याण के लिए इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।












Leave a Reply