रजनीश कुमार, गढ़वा
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, गढ़वा की एग्जीक्यूटिव कमिटी की बैठक स्थानीय शारदा मेडिकल हॉल स्थित डॉ. एम. पी. गुप्ता के क्लीनिक में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता रेड क्रॉस के चेयरमैन डॉ. एम. पी. गुप्ता ने की, जबकि संचालन सचिव डॉ. जे. पी. सिंह ने किया। बैठक के अंत में वाइस चेयरमैन विनोद कमलापुरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में आगामी 14 जून विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इसी दिन पुराने समाहरणालय परिसर में रेड क्रॉस सोसाइटी के नए कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि पुराने समाहरणालय भवन में रेड क्रॉस को नया कार्यालय आवंटित किया गया है। कार्यालय में फर्निशिंग, रंग-रोगन एवं अन्य आवश्यक कार्य एग्जीक्यूटिव कमिटी सदस्य उमेश कश्यप की देखरेख में पूर्ण करा लिए गए हैं। नए कार्यालय का उद्घाटन सुबह 8:00 बजे किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के साथ ही सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे तक वरिष्ठ नागरिकों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच कम से कम तीन बार स्वैच्छिक रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य नियमित रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करना तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
रेड क्रॉस सोसाइटी ने अपने सभी आजीवन सदस्यों, स्वैच्छिक रक्तदाताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे 14 जून को प्रातः 8:00 बजे नए कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे सफल बनाएं। बैठक में रेड क्रॉस के चेयरमैन डॉ. एम. पी. गुप्ता, सचिव डॉ. जे. पी. सिंह, वाइस चेयरमैन विनोद कमलापुरी, सहसचिव नंदकुमार गुप्ता, कोषाध्यक्ष रामनारायण प्रसाद, डिस्ट्रिक्ट एडमिन अमन गुप्ता, एग्जीक्यूटिव कमिटी सदस्य दयाशंकर गुप्ता, उमेश अग्रवाल, उमेश कश्यप तथा प्रीतम जायसवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।












Leave a Reply