रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा में सोमवार को पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न होटलों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान कुल 11 कपल को हिरासत में लिया गया, जबकि तीन होटलों को सील कर दिया गया। पूरे घटनाक्रम के बाद शहर में चर्चा का माहौल गर्म है और मामले ने तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर प्रशासन ने अलग-अलग इलाकों में स्थित होटलों में छापेमारी की। जांच के दौरान कई कमरों में युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। सभी को हिरासत में लेकर गढ़वा थाना लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। कार्रवाई के दौरान जिन होटलों में संदिग्ध गतिविधियां पाई गईं, उन्हें तत्काल सील कर दिया गया। इस अभियान का नेतृत्व संजय कुमार (एसडीओ) ने किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध या अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीओ संजय कुमार ने कहा, “गलत काम का अंजाम भी गलत ही होता है। यदि कोई भी व्यक्ति कानून के खिलाफ कार्य करेगा तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मेरे क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियों को किसी भी हाल में नहीं होने दिया जाएगा।” उन्होंने यह भी बताया कि छापेमारी के दौरान नाबालिग से जुड़ा मामला सामने आना बेहद गंभीर है, जिस पर विशेष रूप से जांच की जा रही है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। कुछ लोगों के बीच यह आशंका जताई जा रही है कि पुलिस हिरासत में लिए गए कपल को छोड़ सकती है। हालांकि इस पर स्पष्ट करते हुए अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई पूरी तरह कानून के दायरे में की जा रही है और बिना जांच के किसी को नहीं छोड़ा जाएगा। पत्रकारों के बीच भी यह मामला चर्चा में रहा, जहां साफ तौर पर कहा गया कि मीडिया का काम केवल निष्पक्ष खबर देना है, न कि किसी का पक्ष लेना। अगर किसी का बेटा या बेटी इस तरह की स्थिति में पकड़ा जाता है, तो उसकी जिम्मेदारी परिवार की भी बनती है। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया कि अगर इस तरह की गतिविधियों में होटल संचालकों की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस पूरी कार्रवाई को लेकर शहर में प्रशासन की सख्ती की चर्चा हो रही है। कई लोगों ने इसे सराहनीय कदम बताया है, वहीं कुछ लोग इसे लेकर सवाल भी उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर तय की जाएगी।












Leave a Reply