बकरीद पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को प्रशासन प्रतिबद्ध : उपायुक्त

उच्चस्तरीय बैठक में तैयारियों की समीक्षा, सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को लेकर दिए गए आवश्यक निर्देश

रजनीश कुमार, गढ़वा
ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के तहत संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी को लेकर जिला समाहरणालय सभागार से लेकर गढ़वा सदर थाना सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया और पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी अनन्य मित्तल एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने संयुक्त रूप से की। बैठक में बकरीद पर्व के दौरान जिले में सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त अनन्य मित्तल ने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अवैध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं करने की अपील की गई। उपायुक्त ने पशु तस्करी एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी अंचल अधिकारियों, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारियों एवं संबंधित थाना प्रभारियों की संयुक्त टीम गठित कर लगातार जांच एवं निगरानी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा विधि-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। वहीं गढ़वा सदर थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में मुस्लिम समाज के लोगों ने आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाएगा जिससे दूसरे समुदाय के लोगों की भावना आहत हो। बैठक में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी नहीं करने की भी अपील की गई। मुस्लिम समाज के लोगों ने बैठक के दौरान गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग भी उठाई। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने लोगों से शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक कर सभी समुदायों से सहयोग की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि सभी लोग प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं तथा प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी से बचें। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार शांति समिति की बैठकें आयोजित कर लोगों से सहयोग एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!