गढ़वा को कभी नहीं भूल सकता हूं : नीरज
रजनीश कुमार, गढ़वा
गढ़वा जिले में पदस्थापित तीन पुलिस पदाधिकारियों का तबादला होने के बाद गुरुवार की शाम शहर के शगुन होटल में पुलिस एसोसिएशन एवं मेंस एसोसिएशन की ओर से विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने भावभीनी विदाई देते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की। जानकारी के अनुसार अभियान एसपी गढ़वा राहुल देव बड़ाईक का तबादला चाईबासा में अभियान एसपी के पद पर किया गया है। वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नीरज कुमार को गढ़वा से हटिया का डीएसपी बनाया गया है। इसके अलावा प्रशिक्षु डीएसपी चिरंजीवी मंडल को गढ़वा से विश्रामपुर का डीएसपी नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर उपस्थित थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि तीनों पुलिस पदाधिकारी कर्तव्यनिष्ठ एवं मेहनती अधिकारी हैं और जहां भी रहेंगे बेहतर ढंग से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में ट्रांसफर और पोस्टिंग एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन अपने कार्यों से पहचान बनाने वाले अधिकारी हमेशा याद रखे जाते हैं। एसपी ने विशेष रूप से डीएसपी नीरज कुमार की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने काफी मेहनत और लगन के साथ कार्य किया है। उनके पास कार्य करने का अच्छा अनुभव है और वे जहां भी जाएंगे अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर डीएसपी नीरज कुमार ने कहा कि वह गढ़वा को कभी नहीं भूल पाएंगे। यहां रहते हुए उन्हें विभिन्न प्रकार के मामलों पर काम करने का अवसर मिला, जिससे उन्हें काफी अनुभव प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यदि कोई पुलिस पदाधिकारी गढ़वा जैसे जिले में बेहतर तरीके से कार्य कर लेता है तो उसे झारखंड के किसी भी जिले में कार्य करने में कठिनाई नहीं होगी। समारोह के दौरान तीनों पुलिस पदाधिकारियों को पुलिस परिवार की ओर से अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम में एसी राजमहेश्वरम, अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, डीटीओ धीरज कुमार, रंका एसडीपीओ रोहित कुमार, नगर एसडीपीओ सत्येन्द्र कुमार, गढ़वा थाना प्रभारी सुनील तिवारी, मझिआंव इंस्पेक्टर बृज कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान मौजूद थे।












Leave a Reply